बीटल्स का एक अलबम ‘सार्जेंट पेपर्स लोनली हार्ट्स क्लब बैंड’ करीब 50 साल पहले जारी हुआ था। तब से अब तक किसी को पता नहीं था कि वह भारतीय संगीतकार कौन था जिसने इस अलबम में वाद्य यंत्र बजाया था? इस रिकॉर्ड के बी साइड में पहला गीत है ‘विदइन यू विदआउट यू’ जिसे जॉर्ज हैरिसन ने कंपोज किया था। इस गाने के लिए वाद्ययंत्र बजाने वालों में एक भारतीय ने तानपुरा बजाया था। लेकिन किसी को पता नहीं था कि तानपुरे पर आखिर कौन था?
अब पचास साल के बाद ब्रिटेन के एक संगीतशास्त्री ने इस रहस्य पर से पर्दा उठाया है। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, तानपुरा बजाने वाले वह संगीतकार दरअसल बुद्धदेव कंसारा थे। कंसारा का नाम रिकॉर्ड के कवर पर नहीं था। गाने की जब पहली बार रिकॉर्डिंग हुई थी, उस समय भी उनका नाम शामिल नहीं किया गया था।
लिवरपूल यूनिवर्सिटी में संगीत के अध्यापक डॉक्टर माइक जोन्स ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि बुद्धदेव का नाम जानबूझकर नहीं छोड़ा गया था।
बहरहाल, 79 वर्षीय संगीतकार कंसारा अब लंदन में रहते हैं। कंसारा बीटल्स के साथ अपने अनुभव को अच्छा बताते हैं। वे कहते हैं, ”वे बहुत भले लोग थे।”
बोल डेस्क